मुंबई में महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (MNS) के नेता जावेद शेख के बेटे रहील जावेद शेख पर गंभीर आरोप लगे हैं। मराठी अभिनेत्री और सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर राजश्री मोरे ने दावा किया है कि रहील ने नशे की हालत में उनकी कार को टक्कर मारी और फिर उनसे बदसलूकी की।
राजश्री मोरे ने इस पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर साझा किया, जिसमें रहील शेख बिना शर्ट के, नशे में धुत और गाली-गलौज करता नजर आ रहा है। यह वीडियो वायरल होते ही सोशल मीडिया पर गुस्से की लहर दौड़ गई। लोगों ने कानून व्यवस्था और नेताओं के बेटों की मनमानी पर गंभीर सवाल उठाए हैं।
घटना के बाद राजश्री ने मुंबई के अंबोली पुलिस स्टेशन में रहील के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। राजश्री ने कहा कि वह इस घटना से भयभीत हैं और उन्होंने रहील के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
यह पहला मौका नहीं है जब राजश्री मोरे विवादों में आई हैं। कुछ सप्ताह पहले उनके एक वीडियो में मराठी भाषा थोपने की कोशिशों पर सवाल उठाए गए थे। उन्होंने कहा था कि अगर प्रवासी मुंबई छोड़ दें तो मराठी समाज को मुश्किलों का सामना करना पड़ेगा। इस बयान के बाद MNS कार्यकर्ताओं ने उनके खिलाफ ओशिवारा पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई थी, हालांकि उन्होंने बाद में माफी मांग ली थी।