पीएम किसान सम्मान निधि से किसानों के चेहरों पर आई मुस्कान
केवीके अरौद में किसान सम्मान समारोह का हुआ आयोजन
बालोद:- प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि से देशभर के किसानों सहित बालोद जिले के किसानों के चेहरों पर मुस्कार आई है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के द्वारा आज प्रातः 11 बजे उत्तरप्रदेश के वाराणसी में आयोजित किसान सम्मान समारोह से पीएम किसान सम्मान निधि की 20 वीं किश्त की राशि का हस्तांतरण किसानों के बैंक खाते में किया गया है। इसके तहत लगभग 9.70 करोड़ पात्र किसानों को 20 हजार पांच सौ करोड़ रूपए राशि का भुगतान डीबीटी के माध्यम से सीधे उनके खाते में की गई है। जिसमें बालोद जिले के 1.21 लाख से अधिक किसान लाभान्वित हुए, जिन्हें लगभग 25.28 करोड़ रूपए से अधिक राशि जारी हुआ है। आज का यह दिन पी-एम किसान उत्सव दिवस के रूप में मनाया गया। महात्मा गांधी उद्यानिकी एवं वानिकी विश्वविद्याल, कैम्प कार्यालय रायपुर में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, केन्द्रीय राज्यमंत्री (शहरी विकास) तोखन साहू, कृषि मंत्री रामविचार नेताम सम्मिलित हुए।
कार्यक्रम का सीधा प्रसारण वेबकॉस्ट के माध्यम से कृषि विज्ञान केन्द्र ग्राम अरौद) में बालोद जिले के किसानों को कृषि विभाग एवं कृषि विज्ञान केन्द्र व कृषि उपजमंडी के सहयोग से दिखाया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में किसानों की भागीदारी रही। कार्यक्रम में पीएम किसान सम्मान निधि के लाभार्थियों व प्रगतिशील कृषकों ने अपनी-अपनी अभिव्यक्ति के माध्यम से कृषि योजनाओं से हो रही लाभों के संबंध में चर्चा की। साथ ही कुछ किसानों ने कृषि विभाग के विभिन्न योजनाओं की जानकारी ली। कृषि विज्ञान केन्द्र द्वारा कृषकों को तिल बीज एवं कृषि विभाग द्वारा मृदा स्वास्थ्य कार्ड का वितरण किया गया। ड्रोन दीदी द्वारा ड्रोन का प्रदर्शन किया गया। कार्यक्रम में ट्रैक्टर चलित कृषि उपकरणों, प्राकृतिक खेती, उन्नत कृषि यंत्रों एवं उन्नत बीजों की जीवंत प्रदर्शनी प्रदर्शित किया गया साथ ही समूह अग्रिम पंक्ति प्रदर्शन से लाभान्वित किसान जिन्हें उन्नत किस्मों के तिलहनी फसलों के लाभ के बारे में बताया गया। इस अवसर पर अतिथि गणों द्वारा केन्द्र परिसर में पौधरोपण किया गया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती तारणी पुष्पेन्द्र चंद्राकर, उपाध्यक्ष जिला पंचायत तोमन साहू, जनपद पंचायत अध्यक्ष श्रीमती सरस्वती टेमरिया, जिला पंचायत सदस्यगण श्रीमती चुन्नी मानकर, श्रीमती लक्ष्मी अशोक साहू श्रीमती प्रभा रामलाल नायक, श्रीमती पूजा वैभव साहू व श्रीमती भगवती उईके, नगर पालिका बालोद के पूर्व अध्यक्ष यज्ञदत्त शर्मा व राकेश यादव, गणमान्य नागरिक के.सी. पवार, प्रेमलाल साहू, सौरभ लुनिया, ग्राम पंचायत अरौद के सरपंच ओमप्रकाश भुआर्य, हरीश कटझरे एवं अन्य जनप्रतिनिधिगण उपस्थित थे। कार्यक्रम में कृषि संबंधित विभागों के अधिकारीगण, पी.एम. किसान सम्मानिधि के हितग्राहीगण, उन्नतशील कृषकगण, कृषक संगवारी, कृषि मित्र, पशु मित्र एवं केन्द्र के अधिकारी कर्मचारी उपस्थित थे। केन्द्र के वरिष्ठ वैज्ञानिक एवं प्रमुख डॉ. के. आर साहू, आशीष चंद्राकर, उपसंचालक कृषि, उपसंचालक पशु चिकित्सा एम.एस. मंडावी, सहायक संचालक मत्स्यिकी महेन्द्र पाटले, सहायक संचालक कृषि एस.एन. ताम्रकार एवं जे. आर. नेताम के. आर. पिस्दा, श्रीमती श्यामा ठाकर वरिष्ठ कृषि विस्तार अधिकारी, सहित कृषि विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारीगण उपस्थित थे।