रायपुर :– छत्तीसगढ़ दस्तावेज लेखक एवं स्टाम्प विक्रेता जनकल्याण संघ परिवार के आह्वान पर कल 16 सितंबर 2025, मंगलवार को प्रदेशभर में एक दिवसीय सांकेतिक हड़ताल की जा रही है। संघ ने इस हड़ताल के माध्यम से शासन-प्रशासन को अपनी चार सूत्रीय मांगों से अवगत कराते हुए शीघ्र समाधान की मांग की है।
संघ के पदाधिकारियों ने बताया कि बिलासपुर के दस्तावेज लेखक महेंद्र सिंह ठाकुर की पुलिस द्वारा बिना जांच के की गई गिरफ्तारी का संघ कड़ा विरोध करता है। उनकी तत्काल रिहाई और घटना की निष्पक्ष जांच की मांग की गई है।
इसी प्रकार पंजीयन विभाग में पदस्थ टॉपग्रेट कंपनी राजनांदगांव के कंप्यूटर ऑपरेटरों पर पक्षकारों से दस्तावेज तैयार करने, प्रिंट निकालने के नाम पर रुपए मांगने और असहयोग की शिकायतें लगातार मिल रही हैं। संघ ने इस मनमानीपूर्ण रवैये को बंद कराने व संबंधित समस्याओं के निराकरण की मांग रखी है।
इसके साथ ही दस्तावेज लेखकों की वर्षों पुरानी मानदेय वृद्धि तथा स्टाम्प वेंडरों की कमीशन बढ़ाने की भी प्रमुख मांग की गई है।
चार सूत्रीय मांगो को लेकर दिनांक 16/09/2025 को प्रदेश व्यापी एक दिवसीय सांकेतिक हड़ताल पर प्रदेश के सभी जगहों के दस्तावेज लेखक व स्टाम्प वेंडर हड़ताल पर रहेंगे।
4 सूत्री मांगों के संबंध में माननीय वाणिज्य मंत्री ओपी चौधरी,उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा,महानिरीक्षक पंजीयन रायपुर को मांग पत्र प्रेषित किया जा चुका है।
संघ के प्रदेश अध्यक्ष मनीष गुप्ता ने चेतावनी दी है कि यदि शासन-प्रशासन ने शीघ्र ही उनकी मांगों पर सकारात्मक पहल नहीं की, तो आने वाले दिनों में वे अनिश्चितकालीन हड़ताल के लिए बाध्य होंगे।