बालोद:— शहर बालोद में ईदुल अदहा का त्यौहार खुशनुमा माहौल में मनाया गया। जामा मस्जिद के ईमाम ओ खतीब मोहम्मद शकील चिश्ती ने ईदगाह में अवाम से खिताब करते हुए कहा कि ईद उल अदहा पर की जाने वाली कुर्बानी का मकसद अल्लाह ताअला की कुरबत हासिल करना है। उन्होंने आगे कहा कि हजरत इब्राहिम अलैहिस्सलाम ने अल्लाह की रजा जानकर अपने बेटे हज़रत इस्माइल अलैहिस्सलाम को अल्लाह की राह में कुर्बान करना चाहा लेकिन अल्लाह की कुदरत से हजरत इस्माईल अलैहिस्सलाम की जगह एक दुंम्बा आ गया जो हजरत इस्माईल अलैहिस्सलाम की जगह कुर्बान हो गया।
हाफिज शकील चिश्ती ने कहा कि एक कुर्बानी सिर्फ जानवर को ज़िबा करना नहीं बल्कि इंसान को अपनी जिंदगी की तमाम बुराइयों तकब्बुर, हसद, बुग्ज, कीना और नफरत जैसी तमाम बुराइओं को भी अपनी जिंदगी से दूर करना है। यह भी एक अल्लाह की राह में एक कुर्बानी है। उन्होंने कहा कि आज अल्लाह की बारगाह में मांगने का दिन है, आज शुक्राना अदा करने और खुशी मनाने का दिन है, गरीबों, मिस्कीनों की मदद करने का दिन है।
इमाम-ओ-खतीब शकील चिस्ती ने ईद की नमाज के बाद रियासत व मुल्क की तरक्की, अमनो-आमान और भाईचारे के लिए दुआएं की। ईद उल अदहा पर छोटे-बड़े, बुजुर्ग सभी नए कपड़े पहन कर ईदगाह पहुंचे। नमाज से फारिग होकर एक-दूसरे से गले मिलकर ईद की मुबारकबाद दी। कब्रिस्तान जाकर अपने मरहूमीन के लिए दुआए मगफिरत की।
इस मौके पर इंतेजामियां कमेटी के मुतवल्ली शाहिद खान ने मुसलमानों को ईद की बधाई दी |व कमेटी के विकास कार्य की जानकारी देते हुए पुलिस प्रशासन,नगरपालिका का आभार व्यक्त किया|
नमाज़ के बाद वृक्षरोपण
ईदुल अदहा की नमाज के फौरन बाद ईदगाह स्थित मैदान में संजारी बालोद विधायक श्रीमती संगीता सिन्हा तथा नगरपालिका बालोद के अध्यक्ष श्रीमती प्रतिभा चौधरी, इंतेजामियां कमेटी जामा मस्जिद बालोद के मुतवल्ली व भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा के प्रदेश महामंत्री शाहिद खान, अल्पसंख्यक मोर्चा के जिला अध्यक्ष अकबर तिगाला,
जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष चंद्रेश हिरवानी पार्षद गण तथा मुस्लिम समाज के लोगों की उपस्थिति में पर्यावरण को सुहावना बनाने को लेकर वृक्षारोपण किया गया |