माइक्रोसॉफ्ट छंटनी 2025 की खबर ने दुनियाभर में कर्मचारियों को एक बार फिर चिंता में डाल दिया है। दिग्गज टेक कंपनी ने एक बार फिर हजारों कर्मचारियों की छंटनी शुरू कर दी है। यह इस साल की अब तक की चौथी छंटनी है और बीते कुछ महीनों में दूसरी बार ऐसा हो रहा है।
बुधवार से माइक्रोसॉफ्ट ने कर्मचारियों को नौकरी से हटाने का नोटिस भेजना शुरू किया। हालांकि कंपनी ने कुल प्रभावित कर्मचारियों की संख्या स्पष्ट नहीं की है, लेकिन इतना जरूर कहा गया है कि यह संख्या उसके कुल कार्यबल के 4% से कम होगी। 2023 के आंकड़ों के अनुसार, कंपनी के पास 2,28,000 पूर्णकालिक कर्मचारी थे। ऐसे में करीब 9,000 कर्मचारियों की नौकरी खतरे में बताई जा रही है।
इस छंटनी से बिक्री इकाई और एक्सबॉक्स वीडियो गेम डिवीजन सबसे अधिक प्रभावित होंगे। कंपनी ने कहा है कि वह बाजार में प्रतिस्पर्धा बनाए रखने और भविष्य की रणनीतियों के तहत संगठनात्मक बदलाव कर रही है।
इससे पहले मई 2025 में कंपनी ने एक बार में करीब 6,000 कर्मचारियों की छंटनी की थी, जो दो वर्षों में सबसे बड़ी छंटनी थी। माना जा रहा है कि AI (कृत्रिम मेधा) में भारी निवेश के चलते माइक्रोसॉफ्ट अपने संसाधनों का पुनर्गठन कर रही है।